चल यारा एक अच्छी सी ज़िन्दगी बनाते हैं ,
जो मैंने खोया , तूने चाहा , संग पाते हैं ,
पुराने गीत जो दफन हैं गले पन्नों में कब से ,
मौका दस्तूर हो ना हो , गुनगुनाते हैं ,
चल यारा एक अच्छी सी ज़िन्दगी बनाते हैं ......
बहुत उजाले बाँटे ग़ैरों की महफिलों में जलकर ,
अब थोड़ा खुदका भी घर जगमगाते हैं ,
गिले शिकवों का कबाड़ भर गया है घर में ,
इस दिवाली ढूंढो उन्हें , जलाते हैं ,
जूझे जागे जला किये , जिये नहीं , जीतेजी जी भर
आ , मरने से पहले अब थोड़ा तो जी के आते हैं ,
चल यारा एक अच्छी सी ज़िन्दगी बनाते हैं ....
जगह ढूंढा किये बुतों के शहर में अपनी ,
जिन अपनों को छोड़ा , उन्हें फिर बुलाते हैं ,
एक छत खरीदने में सुकून लुट गया पूरा ,
अब चल बाहर , बारिश में नहाते हैं ,
हम तो जागा किये सुबह की चिंता में बरसों ,
आ चलकर अब बच्चों को सुलाते हैं ,
चल यारा एक अच्छी सी ज़िन्दगी बनाते हैं.....
- दर्शन दवे
- दर्शन दवे
No comments:
Post a Comment